ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 14 मई,डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सरई स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में बन रहे अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। लगभग 48 लाख रुपये की लागत से आरईएस विभाग द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा भवन निर्माण में गुणवत्ता मानकों को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि भवन के कॉलमों की खुदाई निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं की गई और कई स्थानों पर केवल ढाई से तीन फीट गहराई तक ही खुदाई कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इतना ही नहीं, कॉलमों के नीचे डाली जाने वाली चटाई जाली का उपयोग भी कई जगह नहीं किया गया, जिससे भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक जब उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही गड़बड़ियों को लेकर ठेकेदार से सवाल किए, तो भ्रष्टाचार छिपाने के लिए आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलाकर कॉलमों में मिट्टी और मुरूम डलवाकर गड्ढों को भरने का प्रयास किया गया। आरोप यह भी है कि निर्माण कार्य में पानी की तराई तक सही तरीके से नहीं कराई जा रही, जिससे भवन की गुणवत्ता और अधिक प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह भवन बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा के लिए बनाया जा रहा है, लेकिन घटिया निर्माण के चलते भविष्य में यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है और भ्रष्टाचार को खुलेआम अंजाम दिया जा रहा है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने और दोषी ठेकेदार सहित संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या बच्चों के भविष्य से जुड़े इस निर्माण कार्य में हो रही कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई होगी या फिर भ्रष्टाचार की नींव पर ही यह भवन तैयार होता रहेगा।

