गोरे हनुमंत की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 14 मई,डिंडोरी जिले के ग्राम पंचायत पड़रिया कला के भद्दू टोला में गुरुवार देर शाम लगभग 7-8 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में मृत युवती की पहचान प्रियंका परस्ते पिता रघुवर परस्ते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियंका के भाई की बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं और घर में शादी का माहौल था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने अचानक लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रियंका परस्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल 112 वाहन और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय डिंडोरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक चालक कौन था, इसे लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर प्रियंका परस्ते की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर से बारात निकलने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



