आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 15 मई,डिंडौरी कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की बचत तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शासकीय वाहन चालकों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि ऊर्जा संरक्षण औऱ वेश्विक परिदृश्य के दृष्टि गत शासकीय वाहनों का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए किया जाए। अनावश्यक वाहन संचालन एवं बिना अनुमति वाहन उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
निर्देशों के अनुसार एक ही दिशा में जाने वाले अधिकारी वाहन साझा प्रणाली अपनाएंगे तथा अल्प दूरी के कार्यों के लिए पैदल, साइकिल अथवा ई-वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही अधिकाधिक बैठकें एवं समीक्षा कार्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने शासकीय वाहनों की नियमित सर्विसिंग, टायर प्रेशर परीक्षण तथा प्रतीक्षा के दौरान वाहन का इंजन बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ईंधन दक्षता बनी रहे।
कार्यालयीन कार्यप्रणाली में डिजिटल फाइलिंग, ई-ऑफिस एवं ऑनलाइन संवाद प्रणाली के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया है। वहीं प्रत्येक कार्यालय में प्रतिमाह ईंधन खपत की समीक्षा किए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
आदेश में जन-जागरूकता गतिविधियों के तहत “ईंधन बचाओ-पर्यावरण बचाओ” अभियान चलाने, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण को जन अभियान के रूप में लेते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पेट्रोल और डीजल की बचत सुनिश्चित करें, जिससे राष्ट्रीय संसाधनों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।

