आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 26 मई,जिला मुख्यालय में हाल ही में शुरू की गई नवनिर्मित चाट चौपाटी अब छोटे व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनती नजर आ रही है। मंगलवार को चौपाटी में दुकान लगाकर व्यवसाय करने वाले सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चौपाटी का स्थान बदलने की मांग की।
गौरतलब है कि 4 मई को जिला प्रशासन द्वारा शहर को क्लीन और ग्रीन बनाए रखने तथा मुख्य मार्ग की यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के उद्देश्य से चाट चौपाटी का शुभारंभ किया गया था। प्रशासन ने मुख्य सड़क किनारे ठेले लगाकर व्यवसाय करने वाले चाट, फुल्की एवं अन्य खाद्य सामग्री विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर दुकान संचालन के निर्देश दिए थे।
लेकिन अब चौपाटी में व्यवसाय कर रहे व्यापारियों का कहना है कि नई जगह पर ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम है, जिससे उनका व्यवसाय पूरी तरह प्रभावित हो गया है। व्यापारियों ने बताया कि जहां पहले मुख्य मार्ग पर ठेले लगाकर वे अच्छा खासा व्यवसाय कर लेते थे, वहीं अब पूरे दिन में बड़ी मुश्किल से 200 से 500 रुपये तक की बिक्री हो पा रही है।
व्यवसायियों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में वे न तो दुकान और मकान का किराया चुका पा रहे हैं और न ही परिवार का सही ढंग से भरण-पोषण कर पा रहे हैं। बच्चों की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल होता जा रहा है। उनका आरोप है कि नई चौपाटी तक लोगों की पहुंच और रुचि दोनों ही कम है, जिसके चलते उनका धंधा पूरी तरह चौपट हो चुका है।
चौपाटी में व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा है कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकाला गया तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट और गहरा जाएगा।


