नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने संभाला डिंडोरी जिले का कार्यभार, पुलिस व्यवस्था की ली समीक्षा - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने संभाला डिंडोरी जिले का कार्यभार, पुलिस व्यवस्था की ली समीक्षा

आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 18  मई,जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक  आशीष खरे ने सोमवार 18 मई को विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

ड्यूटी के पहले दिन ही पुलिस अधीक्षक  आशीष खरे ने मीडिया से मुलाकात कर अपनी प्राथमिकताओं और कार्यशैली को स्पष्ट किया। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ जिले भर के मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने को अपनी प्राथमिकता बताया।

पदभार ग्रहण के उपरांत पुलिस अधीक्षक खरे ने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर जिले की कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसी दौरान पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने विभाग के 07 कर्मचारियों को आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति उपरांत वरिष्ठ पदभार ग्रहण कराया। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों में वृद्धि का प्रतीक है और सभी कर्मचारी अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं मेहनत के साथ करें।

पदोन्नत कर्मचारियों में निक्की सोनकर, केवश प्रसाद कोकड़िया, लक्ष्मण सिंह मरावी, योगेश नेवारे, श्याम कुमार तिवारी, दिलीप कुमार सनोडिया एवं हेमंत कुमार झारिया शामिल हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी डिंडोरी  सतीष द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली  दुर्गा प्रसाद नागपुरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवागत पुलिस अधीक्षक को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं कार्यालयीन स्टाफ की अपराध समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लंबित अपराधों, गंभीर प्रकरणों, फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक  खरे ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने तथा संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, अपराधियों एवं निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी रखने तथा बीट व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

 

 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।