गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 29 जून, जिले में कबीर पंथ समाज द्वारा सद्गुरु संत कबीर साहेब का 628वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कबीर कुटी (जेल बिल्डिंग के पास) से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नर्मदा पुल के समीप स्थित कबीर मंदिर तक पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायी, संत-महंत, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के समापन के बाद कबीर कुटी आश्रम में सद्गुरु कबीर साहेब की पूजा-अर्चना, चौका-आरती एवं सत्संग का आयोजन किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कबीर पंथ समाज के लोगों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि मान्यता के अनुसार सद्गुरु संत कबीर साहेब का प्राकट्य लगभग 628 वर्ष पूर्व काशी (बनारस) के लहरतारा तालाब में हुआ था। तभी से कबीर पंथ समाज द्वारा प्रतिवर्ष उनका प्रकटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान कबीर पंथ के संचालकों एवं महंतों ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी अपने धर्म और आध्यात्मिक परंपराओं से दूर होती दिखाई दे रही है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर कबीर साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करने, युवाओं को जागरूक करने तथा कबीर पंथ की परंपरा और संस्कृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
प्रकटोत्सव के दौरान पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

