राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 4 जून,ग्राम पंचायत मुड़ियाखुर्द से जुड़े एक महत्वपूर्ण पंचायत प्रकरण में जिला पंचायत डिंडौरी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्कालीन सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस जारी होने के बाद पंचायत और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विहित प्राधिकारी (पंचायत) द्वारा जारी सूचना के अनुसार पंचायत से संबंधित प्रकरण क्रमांक 014/2025-26 में सुनवाई निर्धारित की गई है। मामले में संबंधित चारों पदाधिकारियों को 4 जून को दोपहर 3 बजे न्यायालय में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार मामला पंचायत के कार्यों एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन से जुड़ा है, जिसकी जांच एवं वैधानिक प्रक्रिया जिला पंचायत स्तर पर संचालित की जा रही है। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संबंधित पक्ष निर्धारित तिथि पर जवाब सहित उपस्थित रहें, अन्यथा उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा सकती है।
जिला पंचायत द्वारा संबंधित अधिकारियों को नोटिस की तामील सुनिश्चित करने तथा उसकी पावती समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई को पंचायत प्रशासन में जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब निगाहें आगामी सुनवाई पर टिकी हैं, जहां मामले से जुड़े तथ्यों पर विस्तार से चर्चा होगी और आगे की कार्रवाई की दिशा तय हो सकती है। पंचायत क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोगों को भी सुनवाई के परिणाम का इंतजार है।

