गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 15 जून, जिले के सभी सातों विकासखंडों के रसोइया एवं साझा चूल्हा कर्मी मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जिला अध्यक्ष श्रीमती संतोषी परस्ते के नेतृत्व में पहुंचे कर्मियों ने खाद्यान्न आपूर्ति और मानदेय संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
जिला अध्यक्ष संतोषी परस्ते ने बताया कि जिले के अनेक विद्यालयों में पिछले दो माह से राशन नहीं पहुंच पाया है, जबकि 16 तारीख से विद्यार्थियों को नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना है। खाद्यान्न की आपूर्ति नहीं होने से विद्यालयों में भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
रसोइयों ने बताया कि उन्हें पिछले तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। वर्तमान में उन्हें मात्र 500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जो महंगाई के इस दौर में बेहद कम है। उन्होंने शासन से मानदेय में वृद्धि करने तथा लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की।
कर्मियों ने यह भी बताया कि जिले के सातों विकासखंडों के लगभग 54 विद्यालयों में फिंगर सिस्टम में तकनीकी समस्या आने और "फिंगर जीरो" दिखने के कारण खाद्यान्न आवंटन एवं वितरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित तकनीकी समस्या का जल्द निराकरण कर विद्यालयों में खाद्यान्न की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कलेक्टर से मुलाकात के बाद रसोइया एवं साझा चूल्हा कर्मियों ने बताया कि कलेक्टर महोदया ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

