पंचायत से परेशान किराना व्यापारी पहुंचा जनसुनवाई, तीन साल से भुगतान न मिलने का आरोप - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

पंचायत से परेशान किराना व्यापारी पहुंचा जनसुनवाई, तीन साल से भुगतान न मिलने का आरोप

गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 16 जून, ग्राम पंचायत पौड़ी माल के एक किराना व्यापारी ने पंचायत पदाधिकारियों पर सामान लेने के बाद भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित व्यापारी तीरथ सिंह ने जिला प्रशासन से बकाया राशि दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के अनुसार, विगत तीन वर्षों के दौरान ग्राम पंचायत पौड़ी माल के सचिव, सरपंच, उपसरपंच पति एवं रोजगार सहायक द्वारा 15 अगस्त, 26 जनवरी तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन के नाम पर उसकी दुकान से खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामान लिया गया। व्यापारी का आरोप है कि कुल 42 हजार 562 रुपये का सामान लेने के बावजूद आज तक उसका भुगतान नहीं किया गया है।

पीड़ित का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा लगातार भुगतान का आश्वासन देकर उसे टालमटोल किया जाता रहा। वहीं उसे जानकारी मिली है कि उसके नाम से बिल-वाउचर लगाकर राशि का आहरण भी कर लिया गया है, लेकिन उसे भुगतान नहीं मिला।

तीरथ सिंह ने बताया कि बकाया राशि न मिलने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। दुकान संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और बच्चों की फीस सहित पारिवारिक खर्चों का प्रबंधन भी प्रभावित हो रहा है।

पीड़ित ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा उसकी बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए, जिससे वह अपने परिवार और व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सके।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।