हर घर नल-जल योजना की खुली पोल: महीने में दो बार मिलता है पानी, टिकरा टोला में नल जल योजना सिर्फ कागज़ों में, - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

हर घर नल-जल योजना की खुली पोल: महीने में दो बार मिलता है पानी, टिकरा टोला में नल जल योजना सिर्फ कागज़ों में,

ग्रामीणों का सवाल है कि जब शासन करोड़ों रुपये खर्च कर हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा कर रहा है, तब टिकरा टोला के लोग आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर क्यूँ?
 गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 16 जून, शासन की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना ग्राम पंचायत नेवसा के टिकरा टोला में दम तोड़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत लगाए गए नल कनेक्शनों में महीने में महज दो बार ही पानी की आपूर्ति की जाती है और जो पानी मिलता है वह इतना गंदा होता है कि मवेशी भी उसे पीने से कतराते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गोयरा बांध के पास एक गड्ढा खोदकर उसमें जमा गंदे पानी को कुएं में एकत्र किया जाता है और फिर उसी पानी की सप्लाई गांव में की जाती है। दूषित पानी पीने से ग्रामीणों के बीमार पड़ने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और पंचायत स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। वहीं जब इस संबंध में ग्राम पंचायत नेवसा के सरपंच से जानकारी ली गई तो उन्होंने भी ग्रामीणों की शिकायतों को सही बताया। सरपंच के अनुसार उनके घर में भी महीने में केवल दो-तीन दिन ही पानी पहुंच पाता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा पूरे महीने का शुल्क वसूला जा रहा है तथा भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी जाती है। जबकि कई घरों में अभी तक नल कनेक्शन भी नहीं लगाए गए हैं।

पानी की गंभीर समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत नेवसा के सरपंच एवं सचिव द्वारा फिलहाल टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की बात कही गई है, लेकिन ग्रामीण इस व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि पंचायत के ही पतेरा टोला में बोर कराकर पानी की समस्या का समाधान किया गया है, उसी प्रकार टिकरा टोला में भी तत्काल स्थायी व्यवस्था की जाए।

स्थानीय लोग बताते हैं कि दूषित पानी के सेवन से पेट संबंधी और त्वचा रोग जैसी बीमारियाँ बढ़ रही हैं। गाँव के छात्र और बच्चे विशेष रूप से प्रभावित बताए जाते हैं। ग्रामीणों ने जल्द और स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि पानी की आपूर्ति शुद्ध स्रोत से हो और वसूली की अवैध प्रथा पर तुरंत रोक लगे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे चक्का जाम करने या कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।