राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 26 जून,जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मालपुर में शिकायतों के निराकरण और जांच प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि एक ही मामले में अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग तथ्य प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरी जांच व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं!शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एक जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा वसूली गई राशि पंचायत के खाते में जमा नहीं की गई, जबकि दूसरी ओर सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 36577134 में प्रस्तुत जवाब में दावा किया गया कि राशि नियम अनुसार वसूली गई और पंचायत खाते में जमा कर दी गई।
इसी विरोधाभास को आधार बनाकर शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि आखिर रिकॉर्ड में कौन सा पक्ष सही है? यदि राशि जमा हुई थी तो उसका स्पष्ट वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया, और यदि जमा नहीं हुई थी तो जिम्मेदारी तय क्यों नहीं हुई?आरोप यह भी लगाए गए हैं कि शिकायतों की जांच और प्रतिवेदन प्रक्रिया में निष्पक्षता दिखाई नहीं दे रही, जिससे लोगों के बीच सरकारी शिकायत तंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और दस्तावेजों के मिलान की मांग की है

