डिंडोरी में साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, लोगों को साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

डिंडोरी में साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, लोगों को साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश

ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 24 जून,मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्यभर में संचालित किए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान "SAFE CLICK-2026" के तहत बुधवार को डिंडोरी जिले में साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने अभियान का शुभारंभ करते हुए लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा यूट्यूब वेबकास्ट के माध्यम से किया गया।

डिंडोरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, फर्जी पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बनकर ठगी, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी निवेश एवं लोन फ्रॉड, टेलीग्राम और व्हाट्सएप टास्क फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, कस्टमर केयर फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, मेट्रिमोनियल फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन तथा क्यूआर कोड स्कैन करवाकर ठगी जैसे मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

जागरूकता रथ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना और साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, डीएसपी पुरुषोत्तम मरावी, यातायात प्रभारी सुभाष उइके, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।