आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 22 जुलाई,09 जुलाई 2026 को अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) डिंडौरी द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग, बैनर, पोस्टर एवं शुभकामना संदेशों को हटाने के संबंध में सूचना पत्र जारी किया गया था। इसके बाद नगर परिषद डिंडौरी ने जिला मुख्यालय में अभियान चलाकर कई स्थानों से अवैध होर्डिंग और बैनर हटाए। लेकिन अब इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि नगर परिषद ने केवल फ्लेक्स और होर्डिंग हटाए, जबकि उनके लोहे के फ्रेम और बांस के स्टैंड वहीं छोड़ दिए, जिससे कुछ ही दिनों में उन्हीं स्थानों पर फिर से अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग लगने लगे।
इसी मुद्दे को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में नगर परिषद क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थानों से अवैध फ्लेक्स, होर्डिंग, उनके लोहे के फ्रेम एवं बांस के स्टैंड स्थायी रूप से हटाने की मांग की है।ज्ञापन में विशेष रूप से राज्य परिवहन बस स्टैंड का उल्लेख किया गया है, जहां लगे लोहे के फ्रेमों के ठीक ऊपर लगभग 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि पूर्व में भी इस तरह की गंभीर दुर्घटना हो चुकी है, इसके बावजूद आज तक वहां से फ्रेम नहीं हटाए गए।
17 जुलाई से लेकर आज तक लगातार नगर परिषद कार्यालय में इस मुद्दे के लिये आवेदन दिये जा रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई के बजाय केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
अब सवाल यह है कि एसडीएम के आदेश के बाद शुरू हुई कार्रवाई क्या केवल फ्लेक्स हटाने तक ही सीमित रहेगी, या नगर परिषद सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध होर्डिंग के स्थायी ढांचे भी हटाकर इस समस्या का स्थायी समाधान करेगी।

