आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 21 जुलाई, कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अपर कलेक्टर जेपी यादव ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित जांच कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम अमगवां निवासी श्रीमती अहिल्या बाई झारिया ने अपने दिवंगत पति, जो पूर्व में पंचायत समन्वयक अधिकारी के पद पर पदस्थ थे, जिनका जीपीएफ एवं जीआईएस की लंबित राशि के भुगतान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर अपर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत शहपुरा को प्रकरण की जांच कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम टिकरिया, ग्राम पंचायत पड़रिया-2 के ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन ने प्राथमिक शाला भवन के अत्यधिक जर्जर होने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए नए विद्यालय भवन के निर्माण की मांग की। इस संबंध में जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्राम मोहदा निवासी राजकुमार साहू ने शासकीय नाले को निजी भूमि से पृथक कराने तथा अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, ताकि किसानों को आवागमन में सुविधा मिल सके। वहीं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय रूसा (करंजिया) में कार्यरत अस्थायी अंशकालीन भृत्य कर्मचारियों ने नियमित मानदेय भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इस पर अपर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर जेपी यादव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

