आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 21 जुलाई, जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आईं दो महिलाएं तालाब में स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं। दोनों को डूबता देख खेत में काम कर रहे एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगा दी। उसकी बहादुरी से एक महिला की जान बच गई, लेकिन दूसरी महिला को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार, बरछा गांव में एक परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आईं संपतिया बाई उद्दे और लक्ष्मीबाई उद्दे मंगलवार सुबह करीब 9 बजे गांव के तालाब में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान अचानक संपतिया बाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं। उनका हाथ पकड़े होने के कारण लक्ष्मीबाई भी संतुलन खो बैठीं और दोनों डूबने लगीं।
इसी दौरान पास के खेत में काम कर रहे एक युवक की नजर तालाब में डूबती महिलाओं पर पड़ी। उसने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद लक्ष्मीबाई उद्दे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक संपतिया बाई गहरे पानी में समा चुकी थीं और उनकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने युवक की बहादुरी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यदि उसने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता तो दोनों महिलाओं की जान चली जाती। युवक की सूझबूझ और साहस से एक परिवार की बड़ी त्रासदी टल गई, लेकिन दूसरी महिला की मौत ने दशगात्र कार्यक्रम को मातम में बदल दिया।

