आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 3 जुलाई, डिंडोरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई। बस्तरा मार्ग पर उफान पर बह रही कसा नदी को पार करने की कोशिश एक कार चालक को भारी पड़ गई। तेज बहाव में कार नदी में बह गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर तैरते हुए सुरक्षित किनारे पहुंचकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार घटना शहपुरा के बस्तरा मार्ग स्थित कसा नदी की है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और तेज बहाव के बावजूद कार चालक ने नदी पार करने का प्रयास किया। बीच नदी में पहुंचते ही तेज धारा के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बहने लगा। स्थिति बिगड़ती देख कार में सवार तीनों लोगों ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर तैरते हुए किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार बहकर नदी में एक बड़े पत्थर में फंस गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील करते हुए प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

