राजेश ठाकुर की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 3 जुलाई,जिला के ग्राम अझवार में शाहपुर पाली बटौंधा सड़क पुल निर्माण एजेंसी की लापरवाही से बस स्टैण्ड से आवास मोहल्ला जाने वाले एप्रोच रोड में पहली ही बारिश में चार से पांच फिट बारिश का गंदा और मटमैला पानी भर गया। पुलिया के फिंलिंग के लिए डाली गई मिट्टी से पानी जाम हो गया, और जलभराव की स्थिति बन गई। जिससे आवागमन में पूरे मोहल्ले सहित सभी के लिए आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जिसको लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं। ग्रामीणों की मांग है अति शीघ्र जल निकास की व्यवस्था निर्माण एजेंसी के द्बारा कराई जाए। साथ ही नदी किनारे जो विद्युत पोल निर्माण एजेंसी के द्बारा पूर्व में शिफ्ट किया गया था। वहाँ से मिट्टी हटा दी गई और नदी के कटान से गिरने की कगार पर है।
जिससे विद्युत व्यवस्था तो बाधित होगी ही साथ ही लाइन रोड क्रॉस कर रही है जिससे सभी के लिए खतरा बना हुआ है। विद्युत पोल को भी समय रहते दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जाना अति आवश्यक है। जल जीवन मिशन का पाइप लाईन जो कि पुल निर्माण के समय निर्माण एजेंसी के द्बारा डायवर्ट कराया गया था उसे भी बारिश पूर्व यथावत् कराने की मांग ग्रामीणों ने की है। अगर समय रहते ग्रामीणों की मांग पर सड़क पुल निर्माण एजेंसी ध्यान नहीं देती तो किसी भी स्थिति परिस्थिति के लिए पूरी जवाबदारी संबंधितों की होगी।


