आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 19 जुलाई,जबलपुर-डिंडोरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को ग्राम करोंदी के पास सड़क किनारे बने गड्ढे ने बड़ा हादसा तो टाल दिया, लेकिन यातायात को घंटों के लिए प्रभावित कर दिया। सड़क के किनारे बने गहरे गड्ढे में एक बस और एक ट्रक के पहिए धंस जाने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा तहसीलदार, पुलिस प्रशासन और स्थानीय अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद फंसे वाहनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, काफी समय पहले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा था। कार्य पूरा होने के बाद भी गड्ढे को तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं भरा गया। लंबे समय से यह गड्ढा दुर्घटना को न्योता दे रहा था, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इसकी सुध नहीं ली। आखिरकार रविवार को लापरवाही का खामियाजा सामने आ गया और बस व ट्रक के पहिए गड्ढे में धंस गए।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की लापरवाही ने संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे की मरम्मत कर दी जाती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।


