आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 20 अगस्त जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 20 अगस्त 2026, गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में कलेक्टर (शिक्षा) कार्यालय से आदेश जारी किया गया है।
कलेक्टर (शिक्षा) द्वारा जारी आदेश क्रमांक 805 दिनांक 20 अगस्त 2026 में बताया गया है कि अत्यधिक वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से कक्षा नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों सहित CBSE/ICSE एवं अन्य सभी प्रकार की शैक्षणिक संस्थाओं में विद्यार्थियों के लिए 20 अगस्त को एक दिन का अवकाश रहेगा।
हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। अवकाश अवधि में समस्त शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। यानी सामान्य परिस्थितियों वाले विद्यालयों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को स्कूल पहुंचना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय लगातार बारिश के कारण विद्यार्थियों के आवागमन में उत्पन्न होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए लिया है। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नाले और पुल-पुलियों पर जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
आदेश में यह भी स्पष्ट है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। संबंधित अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

