आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 27 अगस्त,डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड में गोपालपुर से गोरखपुर मार्ग के बीच बाहरपुर और खम्हार खुदरा के बीच स्थित पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद इस मार्ग से ग्रामीणों और वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है।
पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की तस्वीरें सामने आने के बाद इसकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और पानी का तेज बहाव होने की स्थिति में पुल पर खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।
गोपालपुर से गोरखपुर को जोड़ने वाले इस मार्ग का प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और वाहन चालक उपयोग करते हैं। क्षतिग्रस्त पुल से लगातार आवागमन के चलते दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत कार्य होने तक पुल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है।


