आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 12 अगस्त,जिला मुख्यालय में बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट तिराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंजाब नेशनल बैंक के सामने चलती बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में बाइक आग की लपटों से घिर गई। गनीमत रही कि बाइक चालक ने समय रहते वाहन रोककर उससे दूरी बना ली, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक समनापुर थाना क्षेत्र के भाजीटोला निवासी तान सिंह ठाकुर बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपनी बाइक से डिंडौरी आ रहे थे। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचते ही उन्हें बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल बाइक रोक दी और सुरक्षित दूरी पर जाकर बैठ गए।
चालक के बाइक से हटते ही कुछ ही क्षण बाद बाइक में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने बाइक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। सड़क के बीच बाइक धू-धूकर जलने लगी और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोग जलती बाइक का वीडियो बनाते भी नजर आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। आग की लपटों और धुएं के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अचानक हुए इस हादसे में राहत की बात यह रही कि बाइक चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और वाहन से दूर हो गया। घटना के बाद बाइक में आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

