आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 5 अगस्त,जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी में सरपंच की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शहपुरा को शिकायत पत्र सौंपकर सरपंच पर ग्रामसभा की बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार 1 अगस्त 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्रामसभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन सरपंच इसमें भी उपस्थित नहीं हुए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि सरपंच लगातार ग्रामसभा की बैठकों से अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण पंचायत के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित पड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच की अनुपस्थिति से लघु पशुपालन, आवश्यक निर्माण कार्य, जल संरक्षण, कंटूर ट्रेंच तथा आजीविका मिशन से जुड़ी योजनाओं के प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शिकायत में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरपंच के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामसभा की बैठकों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और लंबित विकास कार्यों को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति (टीएस एवं एएस) दिलाने के लिए किसी सक्षम नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए।
सीसी रोड निर्माण अधूरा, मजदूरों का भुगतान भी अटका
ग्रामीणों और मजदूरों ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में लगभग एक माह पहले शुरू हुआ सीसी रोड निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है। निर्माण कार्य बाधित होने से सड़क अधूरी पड़ी है, जबकि कार्य में लगे मजदूरों को अब तक उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसी रोड निर्माण कार्य की जांच कराते हुए मजदूरों का लंबित भुगतान शीघ्र कराया जाए तथा अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

