सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को चित्रों और विचारों में किया प्रस्तुत
राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 20 सितम्बर, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर में शनिवार को ‘सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पूर्व जनपद अध्यक्ष डिंडोरी महेश धूमकेतु, जनपद उपाध्यक्ष राम किशोरी ठाकुर, अखिलेश झरिया, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मोहम्मद शाहिद खान सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत-2047’ और सपनों के भारत की कल्पना को अपनी चित्रकारी और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की।
मुख्य अतिथि चमरू सिंह नेताम ने कहा कि भारत के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सभी को मिल-जुलकर प्रयास करना होगा। सुंदर और विकसित भारत के निर्माण के लिए ऊंची उड़ान के सपने देखने, नशे से दूरी बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण तथा अच्छे समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सपनों के भारत को साकार करने के लिए सामूहिक संकल्प और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा का पूजन-अर्चन भी किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और धरती को सुंदर एवं हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी प्राचार्य मोहम्मद शाहिद खान ने अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

