शिक्षकों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर भोपाल में प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 20 सितम्बर,शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने रविवार को डिंडौरी में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक धरना स्थल पर एकत्रित हुए और शिक्षक संवर्ग से जुड़ी लंबित मांगों एवं समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया।
संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर डिंडौरी के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षक पात्रता परीक्षा सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। संघ का कहना है कि शिक्षकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में शिक्षक पात्रता परीक्षा आरटीई नियम 2009 के पूर्व शिक्षकों को TET से मुक्त रखने तथा TET की अनिवार्यता को लेकर अन्य प्रदेशों की तर्ज पर विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की गई है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने, नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना कर समस्त वित्तीय लाभ देने, ई-अटेंडेंस तत्काल बंद करने, शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान करने तथा अध्यापक शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति शीघ्र करने की मांग शामिल है।
धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षक संगठनों ने सरकार से मांगों पर आवश्यक कार्रवाई कर समाधान निकालने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि TET सहित शिक्षक संवर्ग की समस्याओं को लेकर प्रदेश के शिक्षकों में असंतोष है और यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में प्रदेशभर के शिक्षक एकजुट होकर भोपाल में प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। डिंडौरी में शुरू हुआ धरना इसी आंदोलन की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।


