आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 4 सितम्बर, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लगातार लापरवाही, निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं होने तथा नियमित रूप से कार्यालय एवं समीक्षा बैठकों से अनुपस्थित रहने के मामले में जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा कार्रवाई की गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी ने परियोजना अधिकारी (संविदा) सी.एस. सिंह की संविदा सेवा समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं।
सी.एस. सिंह को जनपद पंचायत करंजिया में प्रधानमंत्री आवास योजना की अत्यंत न्यून प्रगति को सुधारने के उद्देश्य से 8 अप्रैल 2026 के कार्यालयीन आदेश द्वारा संलग्न किया गया था। उन्होंने 11 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत करंजिया में उपस्थिति दी, लेकिन इसके बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं जनमन आवास योजना के कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग नहीं की गई। जिला स्तर पर प्रतिदिन आयोजित जूम वीडियो कॉन्फ्रेंस में भी उनकी लगातार अनुपस्थिति पाई गई, जिससे योजना की प्रगति प्रभावित हुई।
जनपद पंचायत करंजिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए उपस्थिति पत्रक के अनुसार श्री सिंह अप्रैल 2026 में केवल 3 दिवस तथा मई में 4 दिवस उपस्थित रहे, जबकि जून एवं जुलाई 2026 में पूरे माह अनुपस्थित रहे। कार्य के प्रति उदासीनता एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर उन्हें पूर्व में भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना की सतत मॉनीटरिंग नहीं करने तथा बिना सूचना गृह जिला बनारस चले जाने के मामले में भी अप्रैल 2026 में कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर संविदा सेवा शर्तों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सचेत किया गया था। लगातार निर्देश, चेतावनियों और पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने तथा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। आदेश में मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संविदा पर नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों की सेवा शर्तों के संबंध में जारी 22 जुलाई 2023 के दिशा-निर्देशों के बिंदु क्रमांक 9.8 का उल्लेख करते हुए सी.एस. सिंह की संविदा सेवा समाप्त की गई है। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

