राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 1 सितम्बर,डिंडोरी जिले के पटवारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंगलवार से कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। जिले के समस्त पटवारियों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम डिंडोरी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
पटवारियों ने ज्ञापन में वेतन रोकने, निलंबन की कार्रवाई, वेतन वृद्धि रोकने, परनिंदा की कार्रवाई, ऑनलाइन ई-अटेंडेंस सहित विभिन्न समस्याओं का उल्लेख किया है। साथ ही पटवारियों का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने जैसी परिस्थितियों का भी उन्हें सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल के तहत पटवारियों ने भगवान बिरसा मुंडा ग्राउंड, जो धरना-प्रदर्शन स्थल के लिए निर्धारित है, पर पंडाल लगाया और मंगलवार से धरने पर बैठ गए।
पटवारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का लिखित रूप से समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इससे जिले में राजस्व संबंधी कार्यों पर असर पड़ने की संभावना है।
मध्यप्रदेश पटवारी संघ डिंडोरी के जिलाध्यक्ष सोहन साहू ने बताया कि पटवारियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है और समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।

