आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 24 सितम्बर,शहपुरा थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद को लेकर दर्ज एफआईआर के विरोध में वार्ड क्रमांक-1 शहपुरा निवासी निशा सोनी ने पुलिस अधीक्षक डिंडौरी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला ने अपने पति विजय कुमार सोनी के खिलाफ दर्ज अपराध को झूठा और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए शहपुरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में निशा सोनी ने बताया कि उनके पति ने संबंधित भू-स्वामियों से विधिवत राशि देकर रजिस्ट्रार कार्यालय के माध्यम से पंजीकृत विक्रय विलेख के जरिए जमीनें खरीदी थीं। उनका दावा है कि इनमें से कुछ जमीनों को लेकर विक्रेताओं ने सिविल न्यायालय में रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए मामले दायर किए थे, जिन्हें न्यायालय द्वारा खारिज किया गया। जिला न्यायालय में की गई अपीलें भी निरस्त होने का दावा शिकायत में किया गया है।
आवेदिका ने आरोप लगाया कि ग्राम शहपुरा के खसरा नंबर 697/7 और 795/8 से जुड़े जमीन सौदे के बाद व्यक्तिगत रंजिश के चलते उनके पति के खिलाफ साजिश रची गई। शिकायत में भीमगिरी गोस्वामी पर भू-विक्रेताओं को प्रभावित कर उनके पति के खिलाफ षड्यंत्र करने का आरोप लगाया गया है। महिला ने पूर्व में पति के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत 7 दिसंबर 2025 और 11 फरवरी 2026 को पुलिस व प्रशासन से किए जाने का भी उल्लेख किया है।
निशा सोनी के अनुसार, शहपुरा पुलिस ने उनके पति का पक्ष सुने बिना भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत अपराध क्रमांक 0363/2026 दर्ज किया है। उनका आरोप है कि जमीन से संबंधित मूल विवाद दीवानी प्रकृति का है, जिसे आपराधिक मामले का रूप देकर उनके पति को परेशान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्याय दृष्टांतों का भी हवाला दिया है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच कराने, पति के खिलाफ दर्ज एफआईआर की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने तथा कथित षड्यंत्र में शामिल लोगों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

