आई विटनेस न्यूज़ 24, बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बड़ी घोषणा की है। राज्य सचिवालय में मीडिया से मुखातिब सीएम ने कहा कि राज्यभर में प्राथमिक स्कूलों में 16,500 रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति शीघ्र की जायेगी। बुधवार को ही इससे संबंधित विज्ञप्ति राज्य सरकार द्वारा जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने इस बात की भी घोषणा की कि आगामी 10 से 17 जनवरी के बीच इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "प्राथमिक शिक्षा बोर्ड बुधवार (23 दिसंबर) को प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी करेगा। साक्षात्कार 10 से 17 जनवरी 2021 तक आयोजित किए जाएंगे। जल्द से जल्द नियुक्ति पैनल का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीसरा टीईटी परीक्षा 31 जनवरी को ऑफलाइन आयोजित की जाएगी। लगभग ढाई लाख आवेदक इस परीक्षा में बैठेंगे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा, "हमने प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए भी कदम उठाए हैं। लेकिन अधिकांश समय यह देखा गया है कि अपनी पसंद के जिले में संबंधित विषय के शिक्षकों के लिए कोई रिक्तियां नहीं हैं। लेकिन जहां रिक्तियां हैं, शिक्षकों को उनके जिलों में स्थानांतरित कर दिया गया है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि 10,183 प्राथमिक शिक्षकों ने अपने जिले में स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। इनमें से 648 शिक्षकों को उनके गृह जिलों में स्थानांतरित किया गया है। इस तरह के दो तरह के स्थानांतरण आवेदन माध्यमिक स्तर पर प्राप्त हुए हैं। गृह जिला स्थानांतरण के लिए 5502 शिक्षकों ने आवेदन किया। इसमें से 3652 शिक्षकों के गृह जिला स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। माध्यमिक स्तर पर, पारस्परिक स्थानांतरण के लिए 4594 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 4490 आवेदन स्वीकार किए गए हैं।
Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।
