नड्डा ने कहा, 'कैलाश विजयवर्गीय जी, राहुल सिंहा जी को देखिए, इनकी गाड़ियों को देखिए। मैं तो इसलिए सुरक्षित हूं क्योंकि मेरे पास बुलेट प्रूफ गाड़ी थी। वरना आज कोई ऐसी गाड़ी नहीं थी जिस पर हमला न हुआ हो। उन्होंने कहा, इस गुंडाराज को खत्म करके प्रजातंत्र को यहां आगे बढ़ाना है। विपक्ष को कुचल देने का इनका जो विचार है, मैं इस विचार को कुचलने के लिए आपसे प्रजात्रंत के लिए आह्वान करता हूं।'
आई विटनेस न्यूज़ 24, पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया गया है। नड्डा के बंगाल आगमन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने डायमंड हार्बर से गुजर रहे उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पथराव किया गया। काफिले में शामिल भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। वह बाल-बाल बच गए। दोनों ही नेता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करने के लिए दक्षिण 24 परगना जा रहे थे।
