जिले के नवागत कलेक्टर बी कार्तिकेयन एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज जहरीली शराब कांड के आरोपी मुकेश पुत्र भोगी राम किरार के मकान को जेसीबी से प्रशासन द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई । मुरैना जौरा मार्ग पर छैरा गांव में सड़क किनारे स्थित मुकेश के मकान को जेसीबी से ध्वस्त किया गया हैं । मुकेश किरार के दूसरे मकान को गांव में अंदर जाकर उसकी तोड़फोड़ की कार्रवाई को भी अंजाम दिया गया हैं ।
इस बात की पुष्टि जौरा एसडीएम नीरज शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी के छेरा गांव स्थित घर को गिरा दिया गया है। उस पर यह कार्रवाई मामले में नोटिस का जवाब नहीं देने पर की गई है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बीते सोमवार की रात जहरीली शराब पीने की वजह से 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, जहरीली शराब पीने की वजह से कई बीमार हो गए थे। जिन्हें ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां कई लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
