डिंडोरी-:आई विटनेस न्यूज24,शिक्षा का स्तर सुधारने और हर एक बच्चा शिक्षित हो इसी मंशा को लेकर शासन द्वारा लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की मनमानी के चलते ग्रामपंचायत पाटन में शासन की मंशा पूरी होती नजर नहीं आ रहा है। प्राइमरी स्कूल पाटन में छात्र-छात्राओं का भविष्य और सेहत शिक्षकों की लापरवाही के चलते अंधकार में नजर आ रहा है।
अभी तक पढ़ाई न के बराबर हुई
जिले के बजाग जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गन्नागुडा के ग्राम पाटन स्थित पाटन प्राइमरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुरेंद्र बछलहा को हटाने की मांग लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने गुस्से में स्कूल में ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते कलेक्टर बी. कार्तिकेयन को शिकायत पत्र लिखकर उनका ट्रांसफर कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शिक्षक सुरेंद्र बछलहा स्कूल में सरकारी नियमों को ताक पर रखकर मनमर्जी से काम कर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जाता और शिक्षक खुद के मुताबिक स्कूल चला रहे हैं।साथ ही मध्याह्न भोजन में बच्चों को दूषित आहार परोसा जा रहा है,जो बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है ग्रामीणों ने मध्याह्न भोजन का अनाज भी दिखाया, जिसे देखकर साफ तौर पर गंभीर लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्षेत्र वासियो ने बताया कि उन्होंने शिक्षक के इस रवैया के बारे में गाड़ासरई के जनशिक्षक को जानकारी दी, लेकिन जनशिक्षक के द्वारा शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी। अंतत: परेशान हाेकर रहवासियों ने कलेक्टर को पत्र लिखकर शिक्षक पर कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षक का ट्रांसफर नहीं किया जाता, वह बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।
