भोपाल-:आई विटनेस न्यूज 24, मध्य प्रदेश उपचुनाव के करीब 53 दिन बाद शिवराज सरकार का तीसरा कैबिनेट विस्तार हो गया है. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट को मंत्री की शपथ दिलाई. दोनों नेता राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक माने जाते है. शपथ ग्रहण कार्यक्रम सादगी पूर्ण ढंग से राजभवन में आयोजित किया गया.
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल रविवार भोपाल पहुंची और राजभवन में शिवराज सरकार के कैबिनेट विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ. गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट ने मंत्री पद के रूप में शपथ ग्रहण किया. माना जा रहा है कि दोनों को पूर्व के विभागों की ही जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. गोविंद सिंह राजपूत राजस्व और परिवहन, तुलसी सिलावट जल संसाधन विभाग का जिम्मा मिल सकता है, क्योंकि पहले यही विभाग इनके पास थे.
राज्यपाल मंत्रियों को शपथ दिलाने के बाद मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी. माना जा रहा है कि दो बजे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की शपथ का समय संभावित बताया गया. इसके बाद राज्यपाल वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगी.
पिछले साल मार्च में सरकार गठन के बाद सबसे पहले 5 मंत्रियों ने शपथ ली थी. फिर 2 जुलाई को 28 मंत्रियों ने शपथ ली. इस तरह से राज्य में कुल 33 मंत्री हो गए थे. एमपी कैबिनेट में मुख्यमंत्रियों समेत मंत्रियों की संख्या अधिकतर 34 हो सकती है. मौजूदा समय में शिवराज कैबिनेट में छह मंत्री पद के जगह खाली थे, लेकिन दो ही मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है.
