आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 6 अगस्त,जबलपुर संभाग के कमिश्नर चंद्रशेखर बोरकर शुक्रवार को डिंडौरी जिले के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले शहपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर ओपीडी, जनरल वाॅर्ड, पोषण पुनर्वास केन्द्र, प्रसूता वाॅर्ड, कोविड वाॅर्ड और निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हालचाल पूछा। एनआरसी वाॅर्ड में भर्ती कुपोषित बच्चों से मिलकर उनकी माताओं से बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
कोविड वाॅर्ड में नए सर्वसुविधायुक्त बेड लगाने कलेक्टर को दिए निर्देश
जबलपुर संभागायुक्त चंद्रशेखर बोरकर शहपुरा अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कोविड वाॅर्ड पहुंचे। वहां उन्होंने पुराने बेड को देखकर नाराजगी जताई । उन्होंने कलेक्टर रत्नाकर झा, सीएमएचओ डाॅ रमेश मरावी को तत्काल निर्देश देते हुए कहा कि कोविड वाॅर्ड में नए सर्वसुविधायुक्त बेड लगाए जाएं। जिस पर कलेक्टर ने नए बेड लगवाने की बात कही ।
निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का किया निरीक्षण
जबलपुर कमिश्नर चंद्रशेखर बोरकर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शहपुरा में निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदार से बढ़िया ऑक्सीजन प्लांट बनाने की बात कहते हुए जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में नियमित साफ-सफाई के लिए बीएमओ को दिए निर्देश
जबलपुर संभागायुक्त चंद्रशेखर बोरकर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा के बीएमओ डॉक्टर सत्येंद्र कुमार परस्ते को अस्पताल में नियमित रूप से साफ सफाई करने की आवश्यक निर्देश दिए।
डिंडौरी जिला अस्पताल में सीएमएचओ सहित चिकित्सकों की ली बैठक
डिंडौरी के जिला अस्पताल में जबलपुर संभागायुक्त चंद्रशेखर बोरकर ने पहुंचकर सीएमएचओ डॉ रमेश सिंह मरावी सहित चिकित्सकों की आवश्यक बैठक ली। बैठक के दौरान कमिश्नर ने कोरोना की तीसरी लहर के पूर्व अस्पताल में सभी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने जिला अस्पताल में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया।
