आई विटनेस न्यूज 24, शनिवार 19 फरवरी, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि डिंडौरी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा मिले इसके लिए सभी विकासखण्डों में महाविद्यालय प्रारंभ हैं। जिला मुख्यालय डिंडौरी और विकासखण्ड शहपुरा में मॉडल कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा मिले इसके लिए ग्राम कूंडा में पालीटेक्निक कॉलेज और सभी विकासखण्डों में कौशल विकास केन्द्र संचालित हैं। डिंडौरी जिला उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का केन्द्र बन रहा है। केन्द्रीय राज्यमंत्री कुलस्ते शुक्रवार को जनपद पंचायत समनापुर में 6 करोड़ 17 लाख की लागत से बनने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय समनापुर के भवन निर्माण के भूमिपूजन के अवसर पर उपस्थित समुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक ओमकार सिंह मरकाम, पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य गणेश सोनवानी, जयसिहं मरावी, मनका सिंह वनवासी, श्रीमती तारा आर्मो, हेमसिंह राजपूत, अशोक संत सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद थे।
केन्द्रीय राज्यमंत्री कुलस्ते ने कहा कि महाविद्यालय भवन का निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्वक पूरा करें। भवन निर्माण के लिए हमेशा उचित स्थल का चयन करें। स्थल चयन के लिए विभगाय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर समीक्षा कर ली जावे। शासकीय भवन निर्माण स्थल में पेयजल और आवागमन की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिए कि भ्रमण के दौरान महाविद्यालयों का भी भ्रमण करें। विद्यार्थियों से वार्तालाप करें, उन्हें उनके कैरियर के बारे में मार्गदर्शन दें। जिससे विद्यार्थियों को उनके कैरियर चयन करने के लिए उचित मार्गदर्शन मिल सके। केन्द्रीय राज्यमंत्री कुलस्ते ने कहा कि वर्तमान युग सूचना क्रांति का युग है। सूचना क्रांति युग में हमें खबरें तत्काल मिल जाती है। विद्यार्थियां को मार्गदर्शन दें कि सूचना तंत्र का भरपूर उपयोग करें। आयोजित कार्यक्रम को विधायक ओमकार सिंह मरकाम और पूर्व विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने भी संबोधित किया।
