ओमप्रकाश परस्ते की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 10 मार्च,मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना जिले में जमीन पर दम तोड़ती नजर आ रही है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में योजना ठप होने से ग्रामीणों को आज भी साफ पेयजल नसीब नहीं हो पा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को झिरिया, नाले और अन्य दूषित जल स्रोतों का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर डिंडोरी से कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम खुद कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर Anju Pawan Bhadauria से मुलाकात कर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गहराते पेयजल संकट से अवगत कराया।
विधायक मरकाम ने बताया कि जिले के कई गांवों में नल-जल योजना लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पानी पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी नल-जल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

