आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 5 मई,कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। आयोजित जनसुनवाई में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आवास योजना, नल-जल योजना, रोजगार, उचित मूल्य दुकान, नाली सफाई, पेयजल संकट, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, रास्ते से अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्यों की जांच तथा व्यक्तिगत शिकायतों के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
ग्राम पड़रिया डोंगरी निवासी श्रीमती रामबाई पति स्व. रामेश्वर ने संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि दिलाए जाने हेतु आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और तकनीकी कारणों से अनुग्रह सहायता के लिए आवेदन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से आवश्यक कार्यवाही कर सहायता दिलाने की मांग की है। जिस पर सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारी को समस्या की जांच निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आवेदक सालिक राम साहू ने शासकीय भूमि पर रास्ते के अतिक्रमण की शिकायत की। बताया गया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आवागमन एवं कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आवेदक ने मार्ग को मुक्त कराने की मांग की है। जिस पर उन्होंने एसडीएम को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। एक अन्य शिकायत में ग्राम पंचायत स्तर पर कराए गए निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। आवेदक ने निर्माण कार्यों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा संबंधितों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अतिरिक्त एक आवेदन में गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी और समस्याओं के निराकरण नहीं होने की बात कही गई है। वहीं एक अन्य प्रकरण में आगजनी की घटना से हुए नुकसान के बाद भी मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत करते हुए पीड़िता ने राहत सहायता दिलाने की मांग की है।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चैधरी, डिंडोरी एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

