आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 13 मई,जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में सरपंच-सचिव पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए उपसरपंच विश्राम सिंह मरावी एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर डिंडोरी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त स्थगन आदेश का दुरुपयोग करते हुए पंचायत में लगातार भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत कंचनपुर के सरपंच एवं सचिव के खिलाफ पूर्व में नौ बिंदुओं पर शिकायत की गई थी, जिस पर तत्कालीन कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित कर जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन में दोनों को दोषी पाया गया था। इसके अलावा जिला पंचायत डिंडोरी के सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूर्व में 5 लाख 65 हजार रुपए की रिकवरी का आदेश भी पारित किया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित सरपंच-सचिव ने उक्त आदेश के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर से स्थगन प्राप्त कर लिया, लेकिन स्थगन का लाभ उठाकर पंचायत कार्यों में पुनः अनियमितताएं और भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार उजागर होने के बावजूद पिछले आठ माह से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उपसरपंच विश्राम सिंह मरावी एवं ग्रामवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि पंचायत के विकास कार्यों और जनहित को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश पंचायती राज अधिनियम की धारा 40 एवं 92 के तहत कार्रवाई कर सरपंच-सचिव को पद से पृथक किया जाए, ताकि पंचायत में पारदर्शिता और विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

