गोरे हनुमन्त की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, रविवार 21 जून, ग्राम पंचायत पोडीमाल के नए गांव रैयत में बिजली व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गांव में घर-घर बिजली सप्लाई के लिए लगाए गए तार अब जमीन तक लटकते नजर आ रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 24 से 25 वर्ष पहले बिजली लाइन बिछाई गई थी, लेकिन तब से अब तक एक बार भी तारों की मरम्मत या बदलाव नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कई खंभों से बिजली के तार टूट चुके हैं और कई जगहों पर तार बेहद नीचे झूल रहे हैं। बरसात का मौसम सामने होने के कारण खतरा और भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो करंट लगने जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार जनसुनवाई में आवेदन दे चुके हैं। इसके अलावा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों की मांग है कि गांव में लगे जर्जर और टूटे हुए बिजली तारों को तत्काल हटाकर नई लाइन डाली जाए, ताकि बरसात के मौसम में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके और लोगों को सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

