आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 1 जून,थाना शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पडरिया कला में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार गांव में संचालित एक अवैध छुही खदान से छुही निकालने के दौरान अचानक खदान धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे कई लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में एक महिला की मौत की खबर भी सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राम प्रसाद मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

