अभिरक्षा से फरार युवक जंगल में गंभीर हालत में मिला, मां की गुहार के बाद बढ़ी जांच की मांग - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

अभिरक्षा से फरार युवक जंगल में गंभीर हालत में मिला, मां की गुहार के बाद बढ़ी जांच की मांग

डिंडौरी जिले के शाहपुर थाना से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए युवक उमेश कुमार का मामला अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। युवक सोमवार सुबह गोरखपुर डेम से लगे जंगल क्षेत्र में गंभीर अवस्था में मिलने का दावा किया गया है। परिजनों ने युवक की हालत को लेकर कई सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने इलाज के बाद बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की बात कही है।

राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट

आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 10 जून,शाहपुर थाना पुलिस अभिरक्षा से रविवार रात लगभग 10 बजे फरार हुए उमेश कुमार को सोमवार सुबह करीब 10 बजे गोरखपुर डेम के पास जंगल क्षेत्र से बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार युवक बेशर्म की झाड़ियों के बीच अचेत अवस्था में मिला।

परिवार का कहना है कि युवक की हालत बेहद खराब थी और वह सामान्य रूप से बात नहीं कर पा रहा था। परिजनों का दावा है कि उसके मुंह में पत्ते भरे हुए थे जिन्हें बाहर निकाला गया। वहीं उसके बाएं पैर में सूजन और चोट के संकेत भी दिखाई दिए।

गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. नितिन देशमुख के अनुसार प्रारंभिक जांच में मरीज का ब्लड प्रेशर और शुगर स्तर कम पाया गया है तथा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक डरा हुआ था और पुलिस के पास ले जाने से मना कर रहा था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले को लेकर एसडीओपी शहपुरा ने कहा कि युवक का उपचार जारी है। उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि युवक की मां पहले ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिंडोरी से बेटे की तलाश की गुहार लगाते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगा चुकी थीं। अब युवक के मिलने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने आने की मांग तेज हो गई है।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।