पांच वर्षीय मासूम का शव जंगल में तीन टुकड़ों में मिला, इलाके में सनसनी - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

पांच वर्षीय मासूम का शव जंगल में तीन टुकड़ों में मिला, इलाके में सनसनी

आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 22 जून,जिले के करंजिया थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बालक का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में कई टुकड़ों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मासूम बीते 17 जून से लापता था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार करंजिया थाना क्षेत्र के तरेरा गांव निवासी इख्तियार खान 17 जून की सुबह लगभग चार बजे जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र इमरान खान नींद से जागने के बाद पिता के पीछे-पीछे जंगल की ओर निकल गया। परिजनों को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ है, जबकि पिता को भी उसके साथ होने की जानकारी नहीं थी।

जब इख्तियार खान लकड़ी लेकर घर लौटे और बेटे के बारे में पूछा, तब परिजनों को उसके लापता होने का पता चला। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में करंजिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की गुमशुदगी की जानकारी प्रसारित की गई।

सोमवार को गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में बच्चे का शव संदिग्ध हालत में कई टुकड़ों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद तरेरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।