आई विटनेस न्यूज 24, सोमवार 22 जून,जिले की प्रमुख तहसील शहपुरा में पिछले कई दिनों से डीजल की भारी किल्लत बनी हुई है। स्थिति यह है कि कई पेट्रोल पंपों पर डीजल का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है और आपातकालीन स्थिति के लिए सुरक्षित रखा जाने वाला डीजल भी उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों सहित आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहपुरा नगर और आसपास के क्षेत्र में लगभग पांच पेट्रोल पंप संचालित हैं, लेकिन अधिकांश पंपों पर डीजल उपलब्ध नहीं होने के कारण वाहन चालकों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित किसान वर्ग है, क्योंकि इस समय खरीफ सीजन की जुताई और बुवाई का कार्य चल रहा है। ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों के संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता होती है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि डीजल नहीं मिलने से खेतों की तैयारी और बुवाई का कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द ही डीजल की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो इसका असर फसलों की उत्पादकता पर भी पड़ सकता है। कई किसानों को डीजल की तलाश में दूसरे क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि डीजल आपूर्ति की व्यवस्था शीघ्र सुचारू कराई जाए, ताकि किसानों और आम नागरिकों को राहत मिल सके। क्षेत्र में लगातार बनी हुई इस समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।

