राजेन्द्र तंतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 1 सितम्बर, एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अझवार में वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य त्रिलोक सिंह पूषाम की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिसर में ससम्मान विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, संकुल क्षेत्र के शिक्षक, ग्राम पंचायत पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के तेल चित्र पर तिलक, पुष्प अर्पित एवं वंदन कर किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का स्वागत किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूषाम की विदाई को भावुक बना देने वाले गीत एवं वक्तव्य प्रस्तुत किए।
समारोह में अझवार विद्यालय के स्टाफ एवं संकुल क्षेत्र से पहुंचे शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में पूषाम के योगदान, अनुशासनप्रियता, सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व तथा सभी को साथ लेकर चलने की भावना को याद किया। शिक्षकों ने उनके साथ बिताए सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
ग्राम के वरिष्ठजनों ने भी विद्यालय एवं शिक्षा के विकास में पूषाम द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों को स्मरण किया और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, संकुल क्षेत्र के शिक्षक, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी एवं ग्राम के वरिष्ठजनों ने शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर त्रिलोक सिंह पूषाम का सम्मान किया। सभी ने उनके सेवाकाल में किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय अझवार का समस्त शाला स्टाफ, संकुल क्षेत्र के शिक्षक, ग्राम पंचायत पदाधिकारी, ग्राम के वरिष्ठजन, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा तथा उपस्थितजनों ने पूषाम के दीर्घ सेवाकाल और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया।

