प्रधानमंत्री आवास की राशि दूसरे खाते में पहुंची, एक माह से जनपद के चक्कर लगा रही महिला,सचिव पर टालमटोल का आरोप - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

प्रधानमंत्री आवास की राशि दूसरे खाते में पहुंची, एक माह से जनपद के चक्कर लगा रही महिला,सचिव पर टालमटोल का आरोप

आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 23 सितम्बर, जनपद पंचायत मेहदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरजपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को लेकर एक महिला पिछले एक माह से अधिक समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। ग्राम सुरजपुरा निवासी यशोदाबाई पति जगतलाल, जाति अहिर ने जनपद पंचायत मेहदवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन देकर योजना की राशि उसके सही बैंक खाते में ट्रांसफर कराने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार यशोदाबाई का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है और आवास की पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपए जारी किए गए थे। महिला का आरोप है कि ग्राम पंचायत में यशोदा नाम की एक अन्य महिला होने के कारण प्रधानमंत्री आवास की राशि गलती से यशोदाबाई पति करुणादास के बैंक खाते में चली गई।

महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि उसके सभी दस्तावेजों में पति का नाम जगतलाल दर्ज है। राशि गलत खाते में जाने की जानकारी मिलने के बाद वह मामले के निराकरण के लिए ग्राम पंचायत सचिव से कई बार संपर्क कर चुकी है। आरोप है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।

यशोदाबाई का कहना है कि वह कई बार सचिव के पास अपनी समस्या लेकर पहुंची, लेकिन कथित तौर पर उसे टाल-मटोल कर वापस भेज दिया जाता है। इसके बाद उसने बैंक शाखा प्रबंधक से भी संपर्क किया।

आवेदन में बैंक शाखा प्रबंधक के हवाले से बताया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन पंचायत स्तर से कार्रवाई नहीं होने के कारण मामला लंबित है।

अब महिला ने जनपद पंचायत मेहदवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मामले की जांच कर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में हुई त्रुटि को सुधारते हुए 25 हजार रुपए की पहली किस्त उसके सही बैंक खाते में ट्रांसफर कराने की मांग की है। करीब एक माह से अधिक समय से आवेदन लंबित रहने के कारण योजना के तहत आवास निर्माण भी प्रभावित होने की आशंका है।


 

Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।