आई विटनेस न्यूज 24, मंगलवार 8 सितम्बर, अमरपुर महाविद्यालय में व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय के प्राचार्य के बार-बार अनुपस्थित रहने के कारण जहां शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं, वहीं प्राचार्य की अनुपस्थिति में कुछ कर्मचारी कथित तौर पर बेलगाम होकर अनुशासनहीनता कर रहे हैं।
मामला सोमवार 8 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है। छात्रों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार महाविद्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर समीर धुर्वे एवं भृत्य कमलेश वास्पे पर नशे की हालत में महाविद्यालय परिसर में उत्पात मचाने और छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें कथित तौर पर धमकाया भी गया।
घटना से नाराज छात्र शिकायत लेकर प्राचार्य कक्ष पहुंचे, लेकिन उस समय प्राचार्य के अनुपस्थित होने के कारण वे अपनी शिकायत अन्य प्राध्यापकों को देने के लिए मजबूर हुए। मामले की लिखित शिकायत भी की गई है, जिसमें संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। घटना से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की भी चर्चा है।
अमरपुर क्षेत्र आदिवासी एवं पिछड़े इलाकों में शामिल है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में महाविद्यालय परिसर में कर्मचारियों के कथित रूप से नशे की हालत में रहने और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की आशंका को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में चिंता देखी जा रही है।
छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही प्राचार्य की कथित लगातार अनुपस्थिति के मामले की भी जांच कर महाविद्यालय में नियमित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।

