संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े मामलों की समीक्षा
आई विटनेस न्यूज 24, बुधवार 28 अक्टूबर, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पेंशन एवं अन्य देय स्वत्वों का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने पेंशन प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय-सीमा में कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित लंबित मामलों पर गंभीरता से कार्यवाही करने और विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को उनके पात्रता संबंधी लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

