नशामुक्त भारत अभियान : ग्राम पंचायत राई एवं केवलरदार में गूंजा नशामुक्ति का संदेश - i witness news live
Breaking News
Loading...

TOP NEWS

नशामुक्त भारत अभियान : ग्राम पंचायत राई एवं केवलरदार में गूंजा नशामुक्ति का संदेश


 आई विटनेस न्यूज 24, शुक्रवार 13 नवम्बर,नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय  श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत मेहदवानी की ग्राम पंचायत राई एवं केवलरदार में जनजागरूकता एवं नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों के भविष्य और सामाजिक वातावरण को भी प्रभावित करती है।

नशे से दूरी, खुशहाल परिवार और स्वस्थ समाज का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों एवं विशेषकर युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई। उपस्थितजनों ने नशा नहीं करने, नशे को बढ़ावा नहीं देने तथा अपने गांव एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ ली।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मेहदवानी  पंकज जैन ने नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्रामीणों से अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उपसंचालक सामाजिक न्याय  श्याम सिंगौर ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक जागरूकता आवश्यक है।

कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी  राजेश बैगा सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

युवाओं को नशे से बचाना अभियान की प्राथमिकता

नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्परिणामों के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करना, युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


Ashish Joshi

Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।