डिंडौरी-आई विटनेस न्यूज 24,डिंडौरी पुलिस सोशल पुलिसिंग के क्षेत्र में लगातार नए प्रतिमान रच रही है। पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से गुमशुदा बच्चों को तलाशने के लिए संचालित 25 दिनी 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत कोतवाली पुलिस ने 10 नाबालिगों को सुरक्षित घर तक पहुंचाकर जिले में टॉप रैंक हासिल की है। डिंडौरी SP संजय कुमार सिंह, ASP विवेक कुमार लाल और SDOP रवि प्रकाश कोल की मॉनिटरिंग में कोतवाली इंचार्ज चंद्रकिशोर सिरामे एंड टीम ने 25 दिन में 10 गुमशुदा बच्चों को परिजनों के हवाले किया है। इनमें 09 लड़कियां और 01 लड़का शामिल है। PHQ ने 06 से 31 जनवरी तक ऑपरेशन चलाया था, जिसके तहत जिले के लापता बच्चों को खोजकर परिवार तक पहुंचाना था। इसमें कोतवाली पुलिस पूरी तरह खरा उतरी।
सभी मामलों में दर्ज था अपहरण का प्रकरण
इंस्पेक्टर चंद्र किशोर सिरामे ने बताया कि जिन बच्चों को वापस लाया गया, उनके संबंध में अपहरण का प्रकरण दर्ज था। बच्चों की खोजबीन के दौरान कुछ आरोपी भी गिरफ्त में आए, जिन पर मामला कायम कर लिया है।
