डिण्डौरी : आईविटनेस न्यूज़ 24, किसी भी आत्मा को हमारी वजह से दुख न पहुॅचे इस प्रकार धर्म की सुन्दर व्याख्या करने वाली देवी रक्षा सरस्वती जी के श्रीमुख से भागवत कथा का रसपान करने का सुअवसर डिण्डौरी वासियों को भी प्राप्त होने जा रहा है। नगर के प्रतिष्ठित राजेन्द्र-सुरेन्द्र बर्मन ब्रदर्स के सौजन्य से स्थानीय किशोरी रिसाॅर्ट में 07 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 12 फरवरी से प्रारम्भ होने जा रहा है, कथा का समय अपरान्ह 2-30 बजे से नियत है, जिसमें बर्मन परिवार की ओर से सभी भागवतभक्तों से उपस्थित रहने की प्रार्थना की गई है। आयोजक परिवार द्वारा बताया गया कि कथा में मुख्य यजमान बनने का सौभाग्य रामलाल बर्मन एवं सुशीला बर्मन को प्राप्त होगा तथा प्रत्येक प्राणीमात्र समेत प्रक्रति के कण-कण को भी विभिन्न संचार माध्यमों से इस महाकथा के रसपान का सुअवसर प्राप्त होगा। कथा के विभिन्न चरणों में भागवत महात्म्य, शुकदेव जी आगमन, सृष्टि वर्णन, कपिल-पुरंजन उपाख्यान,ध्रुव-भरत चरित्र, अजामिल उपाख्यान, नृसिंह अवतार, प्रहलाद चरित्र, गजेन्द्र उद्धार, वामन-राम अवतार, कृष्ण जन्म व बाललीला, गोवर्धन पूजा, रूक्मणि विवाह, सुदामा चरित्र, नवयोगेश्वर संवाद, अवधूत उपाख्यान, कलि धर्म जैसे भिन्न-भिन्न रूचिकर प्रसंगों को विस्तार से बताया जाएगा। कथा के आरम्भ में 12 फरवरी को प्रातः 9 बजे नर्मदा मन्दिर काशीघाट से कथास्थल तक कलशयात्रा भी निकाली जाएगी तथा कथा के समापन दिवस 19 फरवरी को महाप्रसाद वितरण भी किया जावेगा।
Ashish Joshi
ASHISH JOSHI | आई विटनेस न्यूज़ 24 के संचालक के रूप में, मेरी प्रतिबद्धता हमारे दर्शकों को सटीक, प्रभावशाली और समय पर समाचार प्रदान करने की है। मैं पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए हर खबर को सच के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूँ। आई विटनेस न्यूज़ 24 में, हमारा लक्ष्य है कि हम समाज को सशक्त और जोड़ने वाली आवाज़ बनें।
