राजेंद्र तांतवाय की रिपोर्ट
आई विटनेस न्यूज 24, गुरुवार 12 अगस्त,डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्तरामाल में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान से कालाबाजारी का ताजा मामला सामने आया है।
बुधवार की दोपहर ग्रामीणों से मिली सूचना के मुताबिक नायब तहसीलदार रयपुरा वृत्त ऋषभ ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर दो घरों से 22 बोरी गेहूं लगभग 11 क्विंटल जप्त करते हुए कार्यवाही की। वहीं खाद्य निरीक्षक जयंत असराठी को भी सूचित किया गया उन्होंने भी मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की।
नायब तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने बताया कि बस्तरा गांव में बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान के सेल्समैन धर्मेंद्र सिंह मरावी के द्वारा दो घरों में शासकीय राशन दुकान की बोरियों में रखें 11 क्विंटल गेहूं की कालाबाजारी करने के लिए रखी गई है। जिसको लेकर उन्होंने फौरन बस्तरा गांव की शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंच कर फेरन सिंह के घर से 10 बोरी एवं लेखराम के घर से 12 बोरी गेहूं जप्त किया और पंचनामा की कार्यवाही कर कालाबाजारी के लिए रखे गेहूं को खाद्य निरीक्षक जयंत असराठी के सुपुर्द कर शहपुरा पुलिस थाना को भी सूचित किया गया।
